हिंसा के बीच मप्र में 72 और छग में 69 फीसदी मतदान हुआ
मप्र की 230 और छग की 70 सीटों पर शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। झड़प, पथराव, तलवारबाजी, फायरिंग और आईडी ब्लास्ट के साथ दोनों जगहों पर जमकर हिंसा हुई है। हिंसा के बीच मप्र में 72 और छग में 69 फीसदी मतदान हुआ है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मतदान खत्म होने के बाद नक्सल प्रभावित गरियाबंद की बिंद्रानवागढ़ में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इसकी चपेट में आकर आईटीबीपी के जवान जोगिंदर सिंह शहीद हो गए।
मप्र की 230 विधानसभा सीटों पर शाम 5 बजे तक 71.32 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे अधिक 82 प्रतिशत वोट आगर मालवा जिले में डाले गए हैं। सबसे कम आलीराजपुर जिले में 56.24 प्रतिशत वोट पड़े। रतलाम जिले की सैलाना सीट पर सबसे ज्यादा 85.49 प्रतिशत वोटिंग हुई। भिंड सीट पर सबसे कम 50.41 प्रतिशत वोट डाले गए। वहीं छग में दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान शाम 5 बजे खत्म हो गया। अब जो लोग बूथ के अंदर रह गए हैं, वही मतदान कर सकेंगे। शाम 5 बजे तक 68.15 प्रतिशत वोटिंग हुई है। सबसे कम मतदान 58.83 प्रतिशत रायपुर में हुआ है।
मुरैना में चली गोली
वोटिंग के दौरान मुरैना की दो सीटों पर बवाल हो गया। पहले दिमनी और इसके बाद जौरा विधानसभा के खिडौरा गांव में झड़प हो गई। खिड़ौरा में जमकर पथराव हुआ और लाठियां चलीं। यहां कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता भिड़ गए। यहां गोलीबारी भी हुई। यहां से भाजपा से सूबेदार सिंह सिकरवार तो कांग्रेस से पंकज उपाध्याय उम्मीदवार हैं। इससे पहले दिमनी सीट पर भी बवाल हुआ। यहां एक शख्स घायल हो गया था। चुनाव आयोग मुरैना की दो सीटों पर निगाह रखे हुए है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के इशारे पर गुंडागर्दी हो रही है। वे किसी भी तरह जीतना चाह रहे हैं। शासन निरंकुश हो चुका है। पोलिंग बूथ तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है। जैसे-तैसे वोट डालने गए भी तो हमें पीटा गया। कपड़े फाड़ दिए गए। वहीं महू जिले में तलवार के हमले में दो लोग घायल हुए हैं।
इंदौर में जमकर बवाल
इंदौर जिले कांग्रेसी और भाजपाई कई बार आमने-सामने हो गए। पुलिस ने लाठी भांजकर खदेड़ा। इंदौर-3 में भीड़ के बीच ईंट फेंकने से एक कांग्रेस कार्यकर्ता का सिर फट गया। वहीं इंदौर-4 के सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में भाजपाई और कांग्रेसियों में विवाद हो गया। इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के बेटे और भाजपा नेता एकलव्य सिंह गौड़ व उनके समर्थक दो युवकों की पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं। दोपहर को क्षेत्र में कांग्रेसी मनोज रिजवानी और विलियम्स आपस में चर्चा कर रहे थे। कुछ देर बाद वे एक-दूसरे को जय झूलेलाल कहकर जाने लगे। इस पर वहां खड़े कुछेक भाजपाइयों ने आपत्ति जताई तो बात बढ़ी। इस बीच भाजपाइयों ने भाजपा प्रत्याशी मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्यसिंह गौड़ को सूचना दी तो वे 30-40 समर्थकों के साथ पहुंचे। मारपीट की गई। इस दौरान एक-दो पुलिसकर्मी नजर आए जो विवाद के बीच असहाय दिखाई दिए। मामले में एकलव्यसिंह गौड़ का कहना है कि कुछ कांग्रेसी गुण्डे सुबह से ही भाजपाइयों को परेशान कर रहे थे। मुझे बूथ पर काम में लगे अपने कार्यकर्ताओं से इसकी सूचना मिली। हमने वहां मौजूद कार्यकर्ता से बात की तो वह हमारे कार्यकर्ताओं से मारपीट करने लगा। दोनों पिता-पुत्र हैं जिनके नाम कमल संधवाने व विलियम्स हैं। दोनों ही हिस्ट्रीशीटर्स हैं। ये सभी कांग्रेस प्रत्याशी राजा मांधवानी के गुण्डे हैं। किसी भी सिंधी व्यापारी या कार्यकर्ता से बात करेंगे तो बताएंगे कि इनका क्षेत्र में कितना आतंक है। आज हमने इनको इनकी भाषा में जवाब दिया। छतरपुर में राजनगर से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह ने भाजपा पर अपने समर्थक की हत्या का आरोप लगाया।
Source – ems