अबकी बार 400 पार का नारा जनता लगा रही
अहमदाबाद लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने गृहराज्य गुजरात के दौरे पर है। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, आजादी के बाद देश को सुरक्षित करने का काम सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र भाई ने किया है। आप सभी के साथ 40 साल से काम कर रहा हूं। अनेक पराजय के बाद हमें चुनाव जीतने की महारथ हासिल हुई है।
शाह ने कहा, देश की जनता अब की बार 400 पार का नारा लगा रही है। जनता चुनाव घोषित होने का इंतजार कर रही है। संकल्प से सिद्धि का मार्ग नरेंद्र भाई ने दिखाया है। अभी तक पूरे देश में 135 सीटों का दौरा करके आया हूं, हर जगह मोदी मोदी की चर्चा हैं। लोकसभा चुनाव सिर्फ सांसद चुनने का नहीं है, बल्कि हर मतदाता को हमारे संकल्प यात्रा के साथ जोड़ना है। शाह ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि लोगों से विनम्रता से मिलिए, प्रचार में सभी को जोड़िए।
केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा, आज 29 साल पहले का दृश्य याद आ रहा है। मैं विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहा था, तब यही हनुमान दादा में दर्शन किए थे और भूपेंद्र पटेल पार्षद थे। आज फिर से वहीं से लोकसभा चुनाव के लिए शुरुआत की है। भाजपा ने बूथ कार्यकर्ता को देश का गृहमंत्री बनाया। पार्टी ने गरीब परिवार के चाय बेचने वाले को प्रधानमंत्री बनाया। भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है, जिसकी वजह से यह संभव हुआ।
मोदी आज विश्व के लोकप्रिय नेता
गृह मंत्री ने कहा, पीएम मोदी ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण देकर महिला शक्ति को विधानसभा-संसद का दरवाजा खोला है। आज नरेंद्र भाई सिर्फ देश के नहीं, दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। आजादी के बाद देश को सुरक्षित करने का काम सिर्फ नरेंद्र भाई ने किया है।
उन्होंने कहा, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया। दो बार हमारे सैनिकों पर आतंकियों ने हमला किया, जिसका सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके जवाब दिया। डोकलाम में चीन ने जो किया, सब सोच रहे थे क्या होगा? नरेंद्र भाई ने आंख दिखा दिया और चीन को वापस लौटना पड़ा।
source – ems